प्रणव कुमार अभय
पटना के होटल ताज में बीआईबी (बिहार आइकॉनिक बिजनेस) द्वारा आयोजित भव्य ‘आइकॉनिक पर्सनैलिटी ऑफ बिहार 2026’ समारोह में बॉलीवुड अभिनेत्री ईशा देओल ने बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग में उत्कृष्ट सेवा देने वाले कर्मी श्री आलोक कुमार श्रीवास्तव को ‘बिहार स्वास्थ्य प्रशासन गौरव पुरस्कार’ से सम्मानित किया। 18 जुलाई 2026 को आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में ईशा देओल ने स्वास्थ्य सेवाओं में आलोक कुमार श्रीवास्तव के अतुलनीय योगदान और उपलब्धियों की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया।
श्री आलोक कुमार श्रीवास्तव वर्तमान में गोपालगंज जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैकुंठपुर में कार्यरत हैं। वे मूल रूप से सिधवलिया ब्लॉक के हरपुर टेंग्राराही गांव के निवासी हैं। स्वास्थ्य विभाग में अपनी दीर्घकालीन सेवा के दौरान उन्होंने उत्कृष्ट कार्य प्रदर्शन किया है। गोपालगंज जिले के स्वास्थ्य विभाग के इतिहास में वे ऐसे पहले स्वास्थ्य कर्मी बन गए हैं, जिन्हें किसी बॉलीवुड अभिनेत्री द्वारा मंच पर सम्मानित किया गया है।
बीआईबी के फाउंडर श्रीकांत सिंह और आलोक सिंह द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान श्रीकांत सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में समर्पित भाव से स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने वाले कर्मियों को सम्मानित करना समाज के लिए बेहद प्रेरणादायक है। आलोक कुमार श्रीवास्तव की इस उपलब्धि पर उनके परिवार, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं सहयोगियों में जश्न का माहौल है। काशी टेंगराही पंचायत के हरपुर टेंग्राराही गांव और खोरमपुर के ग्रामीण भी इस समाचार से बेहद उत्साहित हैं और उन्हें लगातार बधाइयां दे रहे हैं।
