प्रणव कुमार दुबे
वाराणसी: धर्म और आध्यात्म की नगरी वाराणसी में भारतीय वायुसेना के ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। गंगा नदी के ऊपर आयोजित होने वाले इस हवाई प्रदर्शन में वायुसेना के लड़ाकू विमान, हेलीकॉप्टर और एरोबैटिक टीमें अपनी क्षमता और कौशल का प्रदर्शन करेंगी। यह आयोजन भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के कार्यक्रमों का हिस्सा है।
नमो घाट पर एयर शो के लिए तकनीकी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। यहां एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) की व्यवस्था स्थापित की गई है, जिससे प्रदर्शन में शामिल विमानों और हेलीकॉप्टरों को आवश्यक संकेत दिए जा सकें। नमो घाट की सीढ़ियों पर नीला कारपेट बिछाया गया है और घाट के दूसरे हिस्सों तक पहुंचने के लिए विशेष रास्ता तैयार किया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर नमो घाट पर मीडिया, फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी पर भी प्रतिबंध लगाए गए हैं।
एयर शो में राफेल, सुखोई-30 एमकेआई और स्वदेशी हल्के लड़ाकू विमान तेजस सहित कई विमान शामिल होंगे। इसके अलावा सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम और सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम भी प्रदर्शन करेंगी। आयोजन के लिए लगभग 100 विमानों की भागीदारी की जानकारी सामने आई हैं।
‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो का आयोजन 22, 24 और 25 अक्टूबर को निर्धारित है। कार्यक्रम के पहले दिन स्कूली बच्चों को आमंत्रित किए जाने की जानकारी दी गई है, जबकि 24 अक्टूबर को आम दर्शकों और 25 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने की योजना बताई गई है।
भीड़ प्रबंधन के लिए प्रशासन ने घाटों और गंगा पार के क्षेत्र को अलग-अलग सेक्टरों में बांटने, पार्किंग की व्यवस्था करने और रेलवे स्टेशनों पर अतिरिक्त इंतजाम करने की तैयारी की है। नमो घाट, राजघाट और भैंसासुर घाट पर भी विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। इन तैयारियों का उद्देश्य कार्यक्रम के दौरान दर्शकों की आवाजाही और सुरक्षा को व्यवस्थित बनाए रखना है।
वाराणसी में होने वाला यह एयर शो शहर के लिए एक प्रमुख आयोजन है। गंगा के ऊपर विमानों के प्रदर्शन को देखने के लिए स्थानीय लोगों और पर्यटकों में उत्सुकता है। कार्यक्रम के दौरान दर्शकों को प्रशासन और आयोजकों की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करना होगा।
