छात्राओं की गरिमा और सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं : अभाविप
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप), दिल्ली ने दिल्ली विश्वविद्यालय के रामानुजन कॉलेज से जुड़े NSUI के पदाधिकारी अनस खान पर सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे गंभीर आरोपों पर गहरी चिंता व्यक्त की है। सार्वजनिक रूप से प्रसारित कथित व्हाट्सएप संदेशों में आरोप लगाया जा रहा है कि अनस खान ने कॉलेज की फ्रेशर्स छात्राओं, जिनमें कथित तौर पर 17–18 वर्ष की छात्राएं भी शामिल हैं, को कॉन्सर्ट में ले जाने, यात्रा एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के नाम पर कुछ पुरुषों के साथ समय बिताने तथा इसके बदले आर्थिक लाभ दिलाने की पेशकश की। यदि इन संदेशों और आरोपों की सत्यता प्रमाणित होती है, तो यह छात्राओं की गरिमा, सुरक्षा एवं स्वतंत्रता के विरुद्ध अत्यंत गंभीर विषय होगा। अभाविप इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध जांच तथा दोष सिद्ध होने पर कठोरतम कानूनी कार्रवाई की मांग करती है।
यह पहला अवसर नहीं है जब NSUI के शीर्ष नेतृत्व से जुड़े पदाधिकारियों पर महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार के गंभीर आरोप सार्वजनिक चर्चा का विषय बने हैं। वर्ष 2018 में NSUI के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष फ़िरोज़ खान पर एक महिला पदाधिकारी द्वारा यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए गए थे। इस प्रकरण में कांग्रेस नेतृत्व ने जांच समिति गठित की थी और अंततः फ़िरोज़ खान को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा था। ऐसे पूर्ववर्ती प्रकरणों के बावजूद यदि देश के मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस की छात्र इकाई NSUI में महिलाओं की सुरक्षा पर प्रभावी जवाबदेही सुनिश्चित नहीं हो पा रही है, तो यह अत्यंत चिंताजनक है।
अभाविप दिल्ली के प्रदेश मंत्री सार्थक शर्मा ने कहा कि छात्र राजनीति का उद्देश्य शैक्षणिक परिसरों में छात्राओं सहित प्रत्येक विद्यार्थी के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक एवं भयमुक्त वातावरण सुनिश्चित करना होना चाहिए। यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक ओर कुछ लोग महिला सुरक्षा के नाम पर राजनीतिक मंचों से बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, वहीं दूसरी ओर उन्हीं से जुड़े पदाधिकारियों पर छात्राओं को कथित रूप से आर्थिक प्रलोभन देकर संदिग्ध गतिविधियों में शामिल करने जैसे गंभीर आरोप सामने आ रहे हैं। महिला सुरक्षा कोई राजनीतिक प्रदर्शन का विषय नहीं, बल्कि प्रत्येक छात्र संगठन की नैतिक एवं संगठनात्मक जिम्मेदारी है। किसी भी छात्रा की गरिमा को व्यक्तिगत लाभ, राजनीतिक प्रभाव अथवा आर्थिक प्रलोभन के लिए इस्तेमाल करने का प्रयास किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं हो सकता।
