भारती
दिल्ली में इस बार छठ महापर्व को लेकर तैयारिया तेज हो गई हैं। राजधानी में पूर्वांचल के लाखों लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मुनक नहर के किनारे करीब 11 किलोमीटर लंबा भव्य छठ घाट तैयार किया जा रहा है। बाहरी रिंग रोड से इंद्रलोक तक विकसित किए जा रहे इस घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु एक साथ भगवान सूर्य और छठी मइया की पूजा-अर्चना कर सकेंगे। इस विशाल आयोजन की तैयारियों की समीक्षा और निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को जनसेवा सदन में छठ पूजा समितियों के पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही, व्रतधारियों को अस्ताचलगामी और उगते सूर्य को अर्घ्य देने के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सभी जरूरी इंतजाम समय पर पूरे करने को कहा। बाहरी रिंग रोड से इंद्रलोक तक विकसित किए जा रहे इस 11 किलोमीटर लंबे घाट पर दोनों किनारों में पक्की सीढ़ियों और घाट परिसरों का निर्माण किया जा रहा है। श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए चौड़ी सीमेंट की सड़कें भी बनाई जा रही हैं। इसके अलावा रोशनी और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने का काम तेजी से चल रहा है। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य भारी भीड़ के दौरान भी आवागमन और सुरक्षा व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना है। विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुविधा का ध्यान रखा जा रहा है। इस भव्य छठ घाट का उद्घाटन 12 नवंबर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन करेंगे। उद्घाटन के बाद घाट को श्रद्धालुओं के लिए समर्पित किया जाएगा। सरकार, स्थानीय प्रशासन और छठ पूजा समितियों के सहयोग से तैयारियां पूरी की जा रही हैं। प्रशासन का उद्देश्य दिल्ली में छठ महापर्व को सुरक्षित, व्यवस्थित और पारंपरिक उल्लास के साथ संपन्न कराना है।
