अरिमर्दन दुबे
नई दिल्ली, 18 नवंबर। राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के बहुमुख सभागार में तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नाटक ‘ऑन एयर’ का प्रभावशाली मंचन किया गया। निर्देशक निखिल मेहता के निर्देशन में तैयार यह नाटक भारत में जनसंचार माध्यमों के विकास, उनकी सामाजिक, राजनीतिक भूमिका और बदलते स्वरूप की ऐतिहासिक यात्रा को तीन कालखंडों—1942, 1952 और 2002—के माध्यम से प्रस्तुत करता है।
नाटक की शुरुआत 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन से होती है, जब ब्रिटिश शासन द्वारा प्रमुख नेताओं की गिरफ्तारी के बावजूद गुप्त रेडियो प्रसारण के माध्यम से देशवासियों तक स्वतंत्रता आंदोलन के संदेश पहुँचाए जाते थे। इसके बाद 1952 के दौर में आकाशवाणी और रेडियो की यात्रा दिखाई गई है। इसमें विविध भारती, फिल्मी गीतों पर प्रतिबंध, लता मंगेशकर के गीतों के प्रसारण से जुड़े विवाद और कोलंबो से प्रसारित सीलोन रेडियो की लोकप्रियता जैसे प्रसंगों को रोचक ढंग से प्रस्तुत किया गया है।
नाटक का तीसरा कालखंड वर्ष 2002 का है, जिसमें दूरदर्शन के प्रभुत्व, निजी प्रसारण चैनलों के उदय और भारतीय टेलीविजन के बदलते परिदृश्य को दर्शाया गया है। विशेष रूप से क्रिकेट प्रसारण के अधिकारों को लेकर जगमोहन डालमिया और दूरदर्शन के बीच हुए संघर्ष के माध्यम से भारत में निजी प्रसारण के विस्तार की कहानी को मंच पर जीवंत किया गया है।
नाटक की सबसे उल्लेखनीय विशेषताओं में इसका उत्कृष्ट कॉस्ट्यूम डिजाइन रहा। कॉस्ट्यूम डिजाइनर सावित्री ने तीनों ऐतिहासिक कालखंडों की पृष्ठभूमि, परिवेश और पात्रों के अनुरूप बेहद आकर्षक एवं प्रभावशाली वेशभूषा तैयार की। परिधानों के रंगों, बारीकियों और समयानुकूल प्रस्तुति ने प्रत्येक दृश्य को अधिक वास्तविक और जीवंत बना दिया। पात्रों की वेशभूषा में उस दौर की सामाजिक एवं सांस्कृतिक झलक स्पष्ट दिखाई देती है। सावित्री का यह रचनात्मक और उत्कृष्ट कार्य विशेष प्रशंसा का पात्र है।
इसके अतिरिक्त, नाटक का सेट डिजाइन, प्रकाश एवं ध्वनि संयोजन भी काबिल-ए-तारीफ रहा। एक कालखंड से दूसरे कालखंड में होने वाले सहज और प्रभावशाली ट्रांजिशन ने प्रस्तुति को विशेष रूप से आकर्षक बनाया। सभी कलाकारों ने अपने-अपने पात्रों को पूरी संवेदनशीलता और प्रभावशाली अभिनय के साथ निभाया। विशेष रूप से अंतिम दृश्य में 1942 के गुप्त रेडियो का संचालन करने वाले युवक-युवती की गिरफ्तारी और उसके बाद गूँजता ‘वंदे मातरम्’ दर्शकों के लिए रोंगटे खड़े कर देने वाला भावुक क्षण रहा।
नाटक का निर्देशन निखिल मेहता ने किया। सहायक निर्देशक चंद्रिका जाजू, एसोसिएट डायरेक्टर एवं वीडियो डिजाइनर सारस कुमार, नाट्यलेखन एवं संरचना (ड्रामाटर्जी) छत्रपति सिंह, लाइट डिजाइन अंकित पांडेय, कॉस्ट्यूम डिजाइन सावित्री, साउंड डिजाइन प्रणव निगम तथा मूवमेंट डिजाइन उमा कटजू ने संभाला। पोस्टर डिजाइन कंचन उज्ज्वल ने किया।
नाटक में अभिनय एवं प्रस्तुति देने वाले कलाकारों में अभिषेक, अस्मी, देश, कृष्णकांत, लिजुम, नक्षत्रा, निलोय, नेहा, प्रियांशु, पवन, प्रणय, पियाली, ऋषि और शैय्या शामिल रहे।
समग्र रूप से ‘ऑन एयर’ केवल रेडियो और टेलीविजन के विकास की कहानी नहीं, बल्कि संचार माध्यमों, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और बदलते भारतीय समाज के संबंधों को समझने का एक प्रभावशाली नाट्य प्रयास है। यह प्रस्तुति दर्शकों को भारत में जनसंचार की ऐतिहासिक यात्रा से परिचित कराने के साथ-साथ मीडिया की सामाजिक जिम्मेदारी पर भी विचार करने के लिए प्रेरित करती है।
