प्रेम पांडे
नई दिल्ली, 16 अप्रैल। डॉ भीमराव अंबेडकर कॉलेज यमुना विहार में ‘टीबी फ्री अवेयरनेस’ जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण जागरूकता सत्र का शुभारंभ कॉलेज के प्रिंसिपल प्रो सदानन्द प्रसाद द्वारा किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. शंकर माटा और डॉ. सुधि नाथ रहे। उनके साथ कॉलेज के प्राचार्य प्रो सदानंद प्रसाद की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी विशेष बना दिया। महाविद्यालय के सभी शिक्षकगण व कर्मचारी इस कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
सत्र के दौरान डॉ. शंकर माटा ने क्षय रोग (टीबी) के कारण, लक्षण, बचाव और उपचार के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि टीबी एक संक्रामक रोग है, लेकिन समय पर पहचान और सही उपचार से इसे पूरी तरह ठीक किया जा सकता है। वहीं, डॉ. सुधि नाथ ने विद्यार्थियों को जागरूक करते हुए कहा कि समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करना अत्यंत आवश्यक है, ताकि लोग बिना डर के समय पर इलाज करा सकें।
कार्यक्रम में प्राचार्य सदानंद प्रसाद जी ने अपने संबोधन में कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए ऐसी जागरूकता पहल अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे इस जानकारी को अपने परिवार और समाज तक पहुँचाएँ।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और टीबी से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं। कार्यक्रम का उद्देश्य ‘टीबी मुक्त भारत’ अभियान को सफल बनाने के लिए जागरूकता फैलाना रहा, जो काफी हद तक सफल भी रहा।
