यश पांडेय
भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रेनों में चार्जिंग सॉकेट को लेकर एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इसके तहत देशभर की मेल, एक्सप्रेस और प्रीमियम ट्रेनों में रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक सभी कोचों के चार्जिंग सॉकेट की बिजली आपूर्ति बंद रखने का निर्देश दिया गया है। इस फैसले का उद्देश्य चलती ट्रेनों में शॉर्ट सर्किट, ओवरहीटिंग और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से आग लगने जैसी घटनाओं को रोकना है। अक्सर यात्री रात में अपने मोबाइल, लैपटॉप, टैबलेट और पावर बैंक चार्जिंग पर लगाकर सो जाते हैं, जिससे किसी संभावित खराबी का समय पर पता नहीं चल पाता।इस फैसले के पीछे रात के समय चार्जिंग के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका को प्रमुख कारण बताया गया है। रेलवे के अनुसार, जब अधिकांश यात्री सो रहे होते हैं, तब किसी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के अधिक गर्म होने या उसमें खराबी आने पर तुरंत ध्यान नहीं जा पाता। ऐसी स्थिति में आग लगने का खतरा बढ़ सकता है। इसी को देखते हुए रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे और संबंधित कर्मचारियों को निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा है।नए नियम के लागू होने के बाद यात्रियों को रात के सफर से पहले अपने मोबाइल, लैपटॉप और अन्य जरूरी उपकरणों को चार्ज करना होगा। रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक एसी और स्लीपर समेत किसी भी श्रेणी के कोच में चार्जिंग पॉइंट उपलब्ध नहीं रहेंगे। रेलवे प्रशासन का कहना है कि यह कदम यात्रियों को असुविधा पहुंचाने के लिए नहीं, बल्कि उनकी सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है। ऐसे में लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को पहले से ही अपने उपकरणों की बैटरी का ध्यान रखना होगा।
