अंशु कुमार
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आईआईटी रुड़की में गंगेय फाउंडेशन फाउंडेशन एवं आईआईटी रुड़की की स्पोर्ट्स काउंसिल के संयुक्त तत्वावधान में “सेव फ्यूल” थीम पर एक भव्य साइक्लोथॉन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ईंधन संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण तथा सतत जीवनशैली को बढ़ावा देना था। इस साइक्लोथॉन में आईआईटी रुड़की के 500 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
कार्यक्रम का शुभारंभ आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रो. के. के. पंत ने हरी झंडी दिखाकर किया। उन्होंने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस केवल एक दिवस नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक संकल्प को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने गंगेय फाउंडेशन एवं आईआईटी रुड़की स्पोर्ट्स काउंसिल की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री के “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान का उल्लेख करते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनका संरक्षण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बढ़ता कार्बन उत्सर्जन, जल संकट और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
इस अवसर पर आईआईटी रुड़की के स्पोर्ट्स हेड प्रो. ए.के. पांडे ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित साइक्लोथॉन का उद्देश्य सुरक्षित ईंधन, पर्यावरण संरक्षण और सतत जीवनशैली के प्रति लोगों को जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि बढ़ता वायु प्रदूषण, ऊर्जा संकट तथा तेल और गैस पर अत्यधिक निर्भरता आज गंभीर चुनौती बन चुके हैं। ऐसे में साइकिल जैसे पर्यावरण-अनुकूल साधनों को अपनाकर हम प्रदूषण को कम करने के साथ-साथ स्वस्थ समाज के निर्माण में भी योगदान दे सकते हैं। प्रो. ए.के. पांडे ने कहा साइक्लोथॉन के माध्यम से समाज को यह संदेश देने का प्रयास किया गया है कि यदि हम अपने दैनिक जीवन में साइकिल के उपयोग को बढ़ाएं और जीवाश्म ईंधनों की खपत कम करें, तो पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ ऊर्जा संसाधनों की बचत भी संभव है। इससे देश को सतत विकास की दिशा में आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। प्रो. ए.के. पांडे ने बताया कि इस साइक्लोथॉन में लगभग 500 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे यह आयोजन अत्यंत सफल रहा। कार्यक्रम के अंतर्गत करीब 100 से अधिक पौधों का रोपण भी किया गया। उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए गंगेय फाउंडेशन फाउंडेशन एवं उनके संस्थापक गिरिजांश गोपालन के इस अथक प्रयास पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
आईआईटी रुड़की के स्पोर्ट्स चेयरमैन प्रो. भानू वालन्की ने कहा कि “सेव फ्यूल” थीम पर आयोजित साइक्लोथॉन एवं पौधारोपण कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और समाज को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि साइकिल के उपयोग से ईंधन की खपत और कार्बन उत्सर्जन कम किया जा सकता है। गंगेय फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित ऐसे कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर गंगेय फाउंडेशन द्वारा आईआईटी रुड़की परिसर को 100 से अधिक पौधे भेंट किए गए तथा वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। फाउंडेशन के संस्थापक गिरिजांश गोपालन ने कहा कि जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने के लिए युवाओं को आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है तथा जितने पेड़ काटे जाते हैं, उससे अधिक पौधे लगाकर उनका संरक्षण करना आवश्यक है।

कार्यक्रम में फैकेल्टी एडवाइजर प्रो. तरुण शर्मा, A.D.S.W प्रो. पी.के. झा, असिस्टेंस स्पोर्ट्स ऑफिसर डॉ. मुकेश चौधरी, असिस्टेंट स्पोर्ट्स ऑफिसर डॉ. प्रमोद कुमार, डॉ. हेमा पंत, डॉ. सानू चोपड़ा, डॉ. हेमा कुकरेजा, मो. वसीम, प्रकाश बोड एवं राहुल केशरी उपस्थित रहें। कार्यक्रम के दौरान छात्रों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ ऊर्जा और हरित जीवनशैली को अपनाने का संकल्प लिया। विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनभागीदारी और सामूहिक जिम्मेदारी का प्रेरणादायक उदाहरण बनकर उभरा।
