प्रणव कुमार दुबे
वाराणसी — काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के पावन परिसर स्थित मालवीय भवन में आज बिहार के माननीय शिक्षा मंत्री श्री मिथिलेश कुमार तिवारी का आगमन हुआ। इस गरिमामयी अवसर पर बीएचयू के वेद विभाग के पूर्व अध्यक्ष, संस्थापक समन्वयक वैदिक विज्ञान केंद्र एवं सचिव गीता समिति, मालवीय भवन के प्रो. उपेंद्र कुमार त्रिपाठी ने शिक्षा मंत्री का स्मृति चिह्न और अंगवस्त्र प्रदान कर भव्य स्वागत व अभिनंदन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत में शिक्षा मंत्री ने भारत रत्न महामना पंडित मदन मोहन मालवीय जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके पश्चात प्रो. त्रिपाठी और शिक्षा मंत्री के बीच एक महत्वपूर्ण शिष्टाचार भेंट और वार्ता संपन्न हुई।
वार्ता के मुख्य बिंदु:
भारतीय ज्ञान परंपरा (IKS) एवं नई शिक्षा नीति (NEP 2020) के सफल क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा हुई।
बिहार में शिक्षा के विस्तार हेतु काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के नए परिसर को बिहार में स्थापित करने जैसे दूरगामी विषयों पर गंभीर विमर्श हुआ।
प्रो. त्रिपाठी ने बताया कि शिक्षा मंत्री ने महामना के जीवन दर्शन और उनकी समर्थित शिक्षा नीति, विशेषकर समग्र शिक्षा विषयक दृष्टि को आत्मसात करने के संकल्प को दोहराया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि श्री मिथिलेश कुमार तिवारी के नेतृत्व में बिहार की शिक्षा नीति में अकादमिक जगत में क्रांतिकारी बदलाव आएंगे।
शिक्षा मंत्री के इस दौरे से शैक्षणिक गलियारों में नई ऊर्जा का संचार हुआ है, विशेषकर बीएचयू के विस्तार और भारतीय संस्कारों से युक्त आधुनिक शिक्षा को लेकर नई उम्मीदें जगी हैं।
