राधवेंद्र पांडेय
देवरिया : पुलिस की सक्रियता के बावजूद शराब तस्करों के हौसले बुलंद हैं। वे अब पुलिसकर्मियों को भी चुनौती दे रहे हैं। खामपार थाना क्षेत्र के भिंगारी बाजार के पास ऐसी ही एक घटना घटित हुई, जहां तस्करों ने पुलिस चौकी इंचार्ज को कुचलने की कोशिश की। भिंगारी बाजार स्थित पुलिस चौकी के पास बैरियर लगाकर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान शिवराजपुर की तरफ से तेज गति से आती स्विफ्ट डिजायर कार को पुलिस ने रोकने की कोशिश की। वाहन चालक और उसमें बैठे एक अन्य व्यक्ति ने चौकी इंचार्ज जय सिंह यादव को जान से मारने की नीयत से वाहन चौकी पर चढ़ाने का प्रयास किया। हालांकि वाहन बैरियर से टकरा गया और पुलिस टीम ने तुरंत हस्तक्षेप कर तस्करों को रोक लिया। इस दौरान चौकी इंचार्ज को गंभीर चोटें आईं, जिनका इलाज चल रहा है। तलाशी के दौरान कार से 20 पेटी अवैध देशी शराब बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा लगभग 180 लीटर और कीमत लगभग 18 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने कार में सवार गोरखपुर जिले के बांसगांव थाना के बरडीहा निवासी प्रकाश यादव के पुत्र शिवकुमार यादव, एवं बिहार के गोपालगंज जिले के भोरे थाना क्षेत्र के स्व. हीरालाल कुशवाहा का पुत्र विशाल कुशवाहा को अरेस्ट किया गया है़ ।
भिंगारी बाजार चौकी इंचार्ज जयसिंह यादव, हेड कांस्टेबल अशोक चौधरी, कांस्टेबल गोनेश कुशवाहा, कृष्णदेव चौहान, दीपक कुमार और विवेक यादव।
क्षेत्राधिकारी भाटपार रानी अंशुमान श्रीवास्तव और थानाध्यक्ष खामपार प्रदीप अस्थाना ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
