नितिन गुप्ता/प्रणव कुमार
नई दिल्ली :आगामी 14 जुलाई 2026 को दिल्ली विधानसभा के गलियारे बच्चों की किलकारियों और उनके कौतूहल भरे सवालों से गूंजने वाले हैं, घोंडा विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री अजय महावर के सौजन्य से कक्षा 6, 7 और 8 के स्कूली बच्चों के लिए एक विशेष ‘शैक्षिक भ्रमण’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है, जहाँ बच्चे किताबों की दुनिया से बाहर निकलकर देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को साक्षात देखेंगे। दोपहर ठीक 2:00 बजे शुरू होने वाले इस अनूठे सफर में बच्चे केवल अकेले नहीं होंगे, बल्कि उनके मार्गदर्शक के रूप में उनके साथ उनके अभिभावक और शिक्षक भी इस ऐतिहासिक इमारत के साक्षी बनेंगे।
इस पूरे आयोजन को धरातल पर उतारने का जिम्मा इंद्रप्रस्थ साहित्य भारती के प्रांत मंत्री राकेश कुमार और ईशान (यमुना विहार) साहित्य केंद्र के समन्वयक योगेश शर्मा ने उठाया है, बच्चों को यह समझाने के लिए कि देश के नियम-कानून कैसे बनते हैं और उनके क्षेत्र के जनप्रतिनिधि सदन में जनता की आवाज कैसे उठाते हैं, इस दौरे को बेहद दिलचस्प तरीके से तैयार किया गया है तथा अक्सर टीवी स्क्रीन पर नजर आने वाले विधानसभा के भव्य सदन को जब ये बच्चे अपनी आँखों के सामने देखेंगे, तो यकीनन यह उनके लिए किसी रोमांचक अनुभव से कम नहीं होगा।
आयोजकों का मानना है कि आज के ये नन्हे बच्चे ही कल के सजग नागरिक और नीति-निर्माता हैं। ऐसे में उन्हें लोकतंत्र की कार्यप्रणाली को जमीनी स्तर पर समझाना बेहद जरूरी है। इस यात्रा के दौरान बच्चे न केवल विधानसभा भवन की वास्तुकला से रूबरू होंगे, बल्कि वहां की पूरी कार्यप्रणाली को करीब से महसूस कर सकेंगे और इस सुनहरे अवसर को लेकर न केवल विद्यार्थियों में बल्कि उनके माता-पिता में भी भारी उत्साह देखा जा रहा है, क्योंकि यह दौरा किताबी ज्ञान को व्यावहारिक समझ में बदलने का एक बेहतरीन मंच साबित होने जा रहा है।
