कांग्रेस-NSUI-AAP की तमाम कोशिशों के बावजूद डूसू में 4-0 को लेकर आश्वस्त अभाविप; चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने वालों पर कार्रवाई की मांग
कॉलेज चुनावों में अभाविप का बजा डंका, कई कॉलेजों में क्लीन स्वीप
प्रणव कुमार दुबे
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव के साथ-साथ आज संपन्न हुए विभिन्न कॉलेज छात्रसंघ चुनावों में अभाविप ने कई कॉलेजों में जीत दर्ज की है। अदिति महाविद्यालय में अभाविप ने सभी पदों पर जीत हासिल करते हुए क्लीन स्वीप किया। अरविंदो कॉलेज मॉर्निंग में अभाविप के पैनल ने 6-0, भारती महाविद्यालय में सभी 8 पदों पर तथा शिवाजी कॉलेज में 6-0 से क्लीन स्वीप दर्ज किया। डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज में सभी चार पदों पर अभाविप ने जीत हासिल की। केशव महाविद्यालय में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सचिव के तीन प्रमुख पदों पर अभाविप प्रत्याशियों ने भारी मतों से विजय प्राप्त की। श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज में अध्यक्ष, सचिव सहित दोनों सेंट्रल काउंसलर पदों पर अभाविप प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की। श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) में अध्यक्ष, सचिव, दोनों काउंसलर सहित सभी पदों पर अभाविप विजयी रही। डिपार्टमेंट ऑफ लाइब्रेरी साइंसेज में भी अध्यक्ष, मंत्री सहित दोनों सेंट्रल काउंसलर पदों पर अभाविप प्रत्याशियों ने विजय प्राप्त की।
कॉलेज चुनावों में विद्यार्थियों से मिले इस व्यापक समर्थन के बाद अभाविप को डूसू के केंद्रीय पैनल में भी विद्यार्थियों के समर्थन का पूरा विश्वास है। अध्यक्ष पद के प्रत्याशी यश डबास, उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी ईशू मौर्य, सचिव पद की प्रत्याशी रिया छाबड़ी और संयुक्त सचिव पद के प्रत्याशी लक्ष्यराज सिंह के पक्ष में विद्यार्थियों ने मतदान किया है। अभाविप को विश्वास है कि कॉलेज चुनावों में मिले समर्थन की तरह डूसू में भी विद्यार्थी अभाविप के पूरे पैनल के पक्ष में अपना विश्वास व्यक्त करेंगे और परिणाम 4-0 के क्लीन स्वीप के रूप में सामने आएगा।
मतदान के दौरान NSUI से जुड़े लोगों पर भी चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने के आरोप सामने आए हैं। दयाल सिंह कॉलेज में अभाविप के नाम और पैनल का गलत विवरण वाली पर्चियां बांटने के मामले में दो लोगों को पुलिस के हवाले किया गया, जबकि इससे पहले भी एक व्यक्ति को पुलिस को सौंपा गया था। वहीं LC-2 (मार्निंग) में फर्जी ID कार्ड के साथ मतदान केंद्र पर पहुंची एक छात्रा को सुरक्षाकर्मियों ने पकड़ा, जबकि दो अन्य छात्राएं मौके से निकल गईं। अभाविप ने इन मामलों में निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। संगठन ने अपने सभी प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं को दिल्ली हाईकोर्ट के सभी दिशा-निर्देशों तथा विश्वविद्यालय के निर्धारित नियमों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
अभाविप दिल्ली के प्रदेश मंत्री सार्थक शर्मा ने कहा, “डूसू चुनाव राहुल गांधी की अध्यक्ष सीट का चुनाव नहीं है, यह दिल्ली विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों का लोकतांत्रिक चुनाव है और इसका निर्णय यहां के विद्यार्थी करेंगे। कांग्रेस की पूरी राजनीतिक मशीनरी, IYC और NSUI ने चुनाव को प्रभावित करने के हरसंभव प्रयास किए, लेकिन दिल्ली विश्वविद्यालय के विद्यार्थी अपने विवेक से निर्णय लेते हैं। कॉलेज चुनावों में अभाविप को विद्यार्थियों का व्यापक समर्थन मिला है और डूसू चुनाव में भी हमें विद्यार्थियों का समर्थन प्राप्त होगा। NSUI से जुड़े लोगों पर सामने आए फर्जी ID कार्ड और भ्रामक पर्चियों के मामलों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए तथा दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए। दिल्ली हाईकोर्ट द्वारा चुनाव प्रक्रिया को लेकर जारी सभी दिशा-निर्देशों और विजय जुलूस पर रोक का अभाविप स्वागत करती है। संगठन ने सभी कार्यकर्ताओं को न्यायालय के निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन करने के निर्देश दिए हैं। हमें पूरा विश्वास है कि डूसू में विद्यार्थियों का समर्थन अभाविप के पक्ष में 4-0 के क्लीन स्वीप के रूप में सामने आएगा।
