हवन के साथ नए छात्रसंघ पदाधिकारियों ने किया छात्रसंघ भवन में प्रवेश
प्रणव कुमार दुबे
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ऐतिहासिक और प्रचंड जीत के बाद, आज डूसू के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने नॉर्थ कैंपस स्थित डूसू कार्यालय का उद्घाटन किया। भारतीय संस्कृति, मूल्यों और परंपराओं का निर्वहन करते हुए, इस नए कार्यकाल का शुभारंभ पूरे विधि-विधान, वैदिक मंत्रोच्चार और पवित्र हवन-पूजन के साथ किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर डीयू के विभिन्न कॉलेजों से आए छात्र-छात्राओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया, जिससे पूरा परिसर सकारात्मक ऊर्जा, ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के गगनभेदी नारों से गूंज उठा। डूसू कार्यालय में आयोजित इस हवन-पूजन ने न केवल नकारात्मक शक्तियों को एक कड़ा संदेश दिया है, बल्कि यह भी स्थापित किया है कि अभाविप का छात्र नेतृत्व अपनी सांस्कृतिक जड़ों से मजबूती से जुड़कर सकारात्मक और रचनात्मक छात्र राजनीति के एक नए युग की शुरुआत कर रहा है।
अभाविप दिल्ली के प्रदेश मंत्री सार्थक शर्मा ने कहा कि डूसू कार्यालय का हवन-पूजन के साथ उद्घाटन केवल एक रस्म नहीं, बल्कि यह अभाविप की उस वैचारिक प्रतिबद्धता और संस्कार का प्रतीक है जो ‘ज्ञान, शील और एकता’ के मूल मंत्र पर आधारित है। डीयू के परिसरों में जहाँ कुछ विघटनकारी ताकतें केवल अराजकता और नकारात्मकता फैलाने का काम करती हैं, वहीं हमारा छात्र नेतृत्व भारतीय संस्कृति के पवित्र मूल्यों के साथ सकारात्मक निर्माण की शुरुआत कर रहा है।
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ अध्यक्ष यश डबास ने कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों ने हमें जो यह प्रचंड जनादेश दिया है, उसे हम एक अत्यंत पवित्र और बड़ी जिम्मेदारी मानते हैं। सत्य निकेतन सहित पूरे साउथ कैंपस और नॉर्थ कैंपस में छात्राओं की सुरक्षा तथा परिसरों का ‘सेफ्टी ऑडिट’ हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है, जिसके लिए विश्वविद्यालय प्रशासन को हर हाल में त्वरित कदम उठाने होंगे। डूसू अब पूरी तरह से ‘एक्शन मोड’ में आ चुका है; हम छात्रों से किए गए हर एक चुनावी वादे को पूरी आक्रामकता और दृढ़ संकल्प के साथ ज़मीन पर उतारकर दिखाएंगे।
