गोपालगंज के युवा क्रिकेटर साकिब हुसैन ने आइपीएल में किया शानदार प्रदर्शन
प्रणव कुमार अभय ,गोपालगंज
आइपीएम में सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से खेलते हुए 21 वर्षीय साकिब ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 24 रन देकर 4 विकेट झटके और अपनी टीम को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 57 रनों से शानदार जीत दिलाई. इस जीत के बाद साकिब के दरगाह रोड स्थित घर पर सुबह से ही बधाई देने वाले लोगों का ताता लगा रहा. साकिब के इस प्रदर्शन से पूरे इलाके में खुशी का माहौल है. साकिब की मां सुबुकतारा खातून और पिता अली अहमद बेहद खुश हैं और बेटे के उज्ज्वल भविष्य के लिए दुआ कर रहे हैं. साकिब के पिता ने बताया कि उनका सपना था कि बेटा आर्मी में जाकर देश सेवा करे, लेकिन साकिब का झुकाव शुरू से ही क्रिकेट की ओर था. उसके जुनून और मेहनत को देखते हुए परिवार ने भी उसका पूरा साथ दिया. आर्थिक तंगी के बावजूद उसने अपने सपने को नहीं छोड़ा. साकिब की प्रतिभा को पहचानते हुए गोपालगंज निवासी और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दिकी तथा क्रिकेट अकादमी के डायरेक्टर टुन्ना गिरी ने उसे आर्थिक सहयोग दिया. उन्होंने जूते, कपड़े और क्रिकेट किट उपलब्ध कराई, जिससे साकिब को बेहतर अभ्यास का मौका मिला. इससे पहले साकिब केकेआर टीम का हिस्सा रह चुके थे, लेकिन उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला था. अब पहले ही मैच में शानदार प्रदर्शन कर उन्होंने खुद को साबित कर दिया है और क्रिकेट जगत में तेजी से उभरते सितारे के रूप में अपनी पहचान बना ली है.
