बिहार के गोपालगंज जिले में साइबर अपराधियों का बड़ा दुस्साहस, डिजिटल मीडिया संस्थान के संस्थापक को बनाया अपना निशाना
यश पांडेय
गोपालगंज :आज के तकनीकी युग में जहां डिजिटल मीडिया और न्यूज़ वेबसाइट्स के जरिए खबरें पलक झपकते ही लाखों लोगों तक पहुंचती हैं, वहीं साइबर अपराध का खतरा भी तेजी से बढ़ता जा रहा है। इसका एक गंभीर मामला बिहार के गोपालगंज जिले से सामने आया है। प्रतिष्ठित डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म ‘नवप्रभा टाइम्स’ के संस्थापक व संपादक और दिल्ली विश्वविद्यालय के पत्रकारिता के छात्र प्रणव कुमार अभय का पर्सनल टेलीग्राम अकाउंट अज्ञात साइबर अपराधियों द्वारा हैक कर लिया गया है। शातिर ठगों ने अकाउंट पर पूरी तरह कब्जा जमाने के बाद उनकी संपर्क सूची कॉन्टैक्ट लिस्ट में शामिल परिचितों, शुभचिंतकों और गुरुजनों को अश्लील वीडियो और संदिग्ध लिंक धड़ल्ले से भेजने शुरू कर दिए हैं।
गृह जिला पहुंचते ही घटी घटना, फोन पर आने लगे कॉल्स
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित संपादक प्रणव कुमार अभय मूल रूप से गोपालगंज के सरेया वार्ड नंबर-13 काली स्थान रोड, आद्या तिवारी मार्ग के रहने वाले हैं और वर्तमान में दिल्ली के डॉ. भीम राव अंबेडकर कॉलेज से पत्रकारिता की पढ़ाई कर रहे हैं। वे बीते शुक्रवार, 06 नवंबर 2026 की दोपहर करीब 1:00 बजे अपने गृह जिला गोपालगंज पहुंचे थे। उनके पहुँचने के कुछ ही देर बाद, दोपहर लगभग 2:06 बजे उनके ‘प्रणव दुबे’ नाम से सक्रिय टेलीग्राम अकाउंट को अचानक हैक कर लिया गया। जैसे ही उनके संपर्कों को आपत्तिजनक सामग्रियां मिलने लगीं, उनके परिचितों के फोन लगातार घनघनाने लगे, जिससे उन्हें भारी मानसिक तनाव और सामाजिक असहजता का सामना करना पड़ रहा है।
साइबर थाने में दी गई लिखित शिकायत, पुलिस जांच में जुटी
डिजिटल पहचान का गलत इस्तेमाल कर छवि को धूमिल करने की इस शातिर साजिश को गंभीरता से लेते हुए पीड़ित संपादक ने तत्काल कदम उठाया है। उन्होंने गोपालगंज के साइबर थाने में पहुंचकर एक लिखित आवेदन पत्र सौंपा है और मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपील की है कि उनके टेलीग्राम अकाउंट को सुरक्षित रूप से रिकवर किया जाए और इस घृणित कृत्य को अंजाम देने वाले साइबर अपराधियों को जल्द से जल्द बेनकाब करके सलाखों के पीछे भेजा जाए। स्थानीय पुलिस ने शिकायत दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू कर दी है।
