आदित्य शुक्ला
दीपावली का त्योहार बीतने के बाद बिहार की आबोहवा में खतरनाक बदलाव देखने को मिला है। त्योहार के दौरान हुई आतिशबाजी के कारण हवा में जहरीले धुएं और बारीक कणों की मात्रा बढ़ गई है। पटाखों से निकलने वाली सल्फर डाइऑक्साइड, कार्बन मोनोऑक्साइड, नाइट्रोजन ऑक्साइड और पीएम 2.5 जैसे प्रदूषकों ने वायु गुणवत्ता को और खराब कर दिया है। इसके चलते राज्य के कई शहरों में लोगों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बिहार के विभिन्न जिलों के वायु गुणवत्ता सूचकांक के आंकड़े चिंताजनक हैं। इनमें बक्सर सबसे अधिक प्रभावित रहा, जहां AQI 441 दर्ज किया गया। इसके अलावा बेतिया में 364, मोतिहारी में 357, मुजफ्फरपुर में 325 और सिवान व सासाराम में 326 एक्यूआई दर्ज किया गया है। 400 से अधिक का AQI गंभीर श्रेणी में आता है, जबकि 300 से 400 के बीच की हवा बेहद खराब मानी जाती है।
बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों और प्रशासन ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। इसका सबसे अधिक असर बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और सांस व हृदय संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों पर पड़ सकता है। अस्पतालों में आंखों में जलन, गले में खराश, खांसी और सांस लेने में परेशानी की शिकायतें बढ़ रही हैं। चिकित्सकों ने लोगों को सुबह-शाम टहलने से बचने, घरों के दरवाजे और खिड़कियां बंद रखने तथा बाहर निकलते समय जरूरत के अनुसार एन-95 मास्क पहनने की सलाह दी है।
