प्रणव कुमार अभय
पटना: मुख्यमंत्री बनने के बाद सम्राट चौधरी ने बिहार विधानसभा में सफलतापूर्वक विश्वासमत हासिल कर लिया। इस महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम के बाद राज्य की राजनीति में नई हलचल तेज हो गई है और सत्ता पक्ष इसे स्थिरता की दिशा में बड़ा कदम बता रहा है।इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए बैकुंठपुर विधायक मिथिलेश तिवारी ने कहा कि यह जीत सरकार की नीतियों, नेतृत्व क्षमता और जनता के अटूट विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार विकास, सुशासन और पारदर्शिता के नए दौर में प्रवेश कर चुका है।
मिथिलेश तिवारी ने आगे कहा कि विपक्ष लगातार बेबुनियाद आरोप लगाकर सरकार की छवि धूमिल करने की कोशिश कर रहा है, लेकिन राज्य की जनता सच्चाई को भली-भांति समझती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार गांव-गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए ठोस कदम उठा रही है।विधानसभा में हुए विश्वासमत के दौरान सत्ता पक्ष के विधायकों ने एकजुटता का परिचय देते हुए बहुमत के साथ सरकार के पक्ष में मतदान किया।
मिथिलेश तिवारी ने कहा कि सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे और निवेश को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में राज्य में रोजगार के नए अवसर सृजित किए जाएंगे और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। विधायक तिवारी ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ेगा और राज्य को एक नई पहचान मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल सत्ता में बने रहना नहीं, बल्कि हर वर्ग तक विकास की रोशनी पहुंचाना है।
