प्रणव कुमार अभय
नई दिल्ली: नई पीढ़ी को देश के लोकतांत्रिक मूल्यों और विधायी प्रक्रियाओं से रूबरू कराने के उद्देश्य से दिल्ली विधानसभा में एक भव्य और गरिमामय ‘शैक्षणिक भ्रमण एवं जागरूकता कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। घोंडा विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री अजय महावर के सौजन्य से आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में इंद्रप्रस्थ साहित्य भारती एवं ईशान (यमुना विहार) साहित्य केंद्र ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शनिवार को सुबह 10:30 बजे से शुरू हुए इस अनूठे आयोजन में कक्षा 6, 7 और 8 के सैकड़ों विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और प्रबुद्ध शिक्षकों ने हिस्सा लिया।
सदन की कार्यप्रणाली को व्यावहारिक रूप से समझाने के लिए कार्यक्रम के दौरान तीन विशेष डॉक्यूमेंट्री (वृत्तचित्र) फिल्में दिखाई गईं, जो पूरी ज्ञानयात्रा का मुख्य आकर्षण रही। इसमें पहली डॉक्यूमेंट्री पूरे 14 मिनट की थी, जिसमें दिल्ली विधानसभा के गौरवशाली इतिहास, उसकी ऐतिहासिक वास्तुकला और सदन के भीतर जनहित में होने वाले नीति-निर्माण की प्रक्रियाओं को बेहद सरल और रोचक अंदाज में दिखाया गया। इसके बाद, परिसर में व्यवस्थित की गई एक विशेष ज्ञान-तालिका ( काफी टेबल बुक) के माध्यम से छात्रों और अभिभावकों को महत्वपूर्ण पुस्तकों, अभिलेखों और आगामी डिजिटल वृत्तचित्रों की रूपरेखा समझाई गई। सभी उपस्थित छात्रों, शिक्षकों, अभिभावकों और साहित्य कला केंद्र के सदस्यों ने पूरे ध्यान के साथ इन तीनों वृत्तचित्रों को देखा, सुना और वहां रखी अध्ययन सामग्री का गहराई से अवलोकन किया।
इस अवसर पर विधायक अजय माहवार ने बच्चों के साथ सीधा संवाद कर उनके भीतर छिपी जिज्ञासाओं को शांत किया। घोंडा के विधायक श्री अजय महावर ने वहां मौजूद नन्हे-मुन्ने बच्चों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि आज के ये छात्र ही देश का भविष्य हैं और इन्हें लोकतंत्र के इस मंदिर में आकर सदन की मर्यादा और कामकाज को करीब से देखना चाहिए, ताकि वे भविष्य में जागरूक नागरिक बन सकें।
कार्यक्रम को सफल बनाने में इंद्रप्रस्थ साहित्य भारती के प्रांत मंत्री राकेश कुमार और ईशान (यमुना विहार) साहित्य केंद्र के समन्वयक योगेश शर्मा का विशेष योगदान रहा और कार्यक्रम के अंत में अभिभावकों ने इस अनूठी पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसी व्यावहारिक यात्राएं बच्चों के बौद्धिक विकास और राजनीतिक समझ को मजबूत करने में मील का पत्थर साबित होंगी।
