प्रणव कुमार अभय
गोपालगंज सबेया हवाई अड्डे को एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मानचित्र पर लाने की कवायद तेज हो गई है। शुक्रवार को दिल्ली से आई भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) की विशेष टीम ने हवाई अड्डे के मैदान का सघन तकनीकी मूल्यांकन किया। इस दौरान टीम के विशेषज्ञों ने जमीन की उपलब्धता, रनवे की वर्तमान स्थिति और तकनीकी मानकों का बारीकी से विश्लेषण किया। इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि क्या यह स्थल आधुनिक विमानन सेवाओं के संचालन के लिए पूरी तरह उपयुक्त है।
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अमला भी पूरी तरह सक्रिय नजर आया। दिल्ली की टीम के साथ हथुआ एसडीएम अभिषेक कुमार चन्दन, डीसीएलआर वसीम अकरम और प्रभारी सीओ नागेंद्र कुमार सहित कई स्थानीय अधिकारी मौजूद रहे। संयुक्त दल ने हवाई अड्डे की भूमि की सीमाओं का अवलोकन किया और तकनीकी बारीकियों पर चर्चा की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि हवाई अड्डा निर्माण के लिए आवश्यक भूमि और सुरक्षा मानकों का आकलन प्राथमिक रिपोर्ट तैयार करने के लिए किया गया है, जो आगामी विकास कार्यों की नींव बनेगा।
तकनीकी सर्वे के साथ-साथ टीम ने भौगोलिक स्थिति और भविष्य की संभावनाओं पर भी अपना ध्यान केंद्रित किया। इसमें हवाई अड्डे तक पहुंचने वाले सुगम मार्गों, संभावित टर्मिनल बिल्डिंग के निर्माण और यात्रियों के लिए आवश्यक बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर गहन अध्ययन किया गया। इस उच्चस्तरीय दौरे के बाद स्थानीय लोगों में यह उम्मीद जगी है कि जल्द ही सबेया फील्ड से विमानों की आवाजाही शुरू होगी, जिससे न केवल क्षेत्र की कनेक्टिविटी बढ़ेगी बल्कि आर्थिक और औद्योगिक विकास को भी नई गति मिलेगी।
