सतीश कुमार
शनिवार शाम दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर भारत के कई इलाकों में लोगों के मोबाइल फोन अचानक तेज सायरन जैसी आवाज के साथ बज उठे फोन स्क्रीन पर फ्लैश हुए इमरजेंसी अलर्ट संदेश ने कुछ समय के लिए लोगों को चौंका दिया कई लोगों ने इसे तकनीकी खराबी समझा, जबकि कुछ लोग किसी बड़ी आपदा की आशंका से चिंतित हो गए
अलर्ट संदेश में स्पष्ट रूप से बताया गया था कि अगले तीन घंटों के दौरान संबंधित जिले के कुछ क्षेत्रों में बिजली गिरने, तेज आंधी-तूफान, भारी बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है मौसम विभाग ने हवा की गति 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा तथा कुछ स्थानों पर 90 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की चेतावनी दी
जानकारी के अनुसार यह अलर्ट भारत सरकार के राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) द्वारा संचालित सेल ब्रॉडकास्ट सिस्टम के माध्यम से भेजा गया इस प्रणाली का उद्देश्य प्राकृतिक आपदाओं और आपात स्थितियों की जानकारी नागरिकों तक तुरंत पहुंचाना है ताकि लोग समय रहते आवश्यक सावधानियां बरत सके इस पर विशेषज्ञों का कहना है कि आधुनिक तकनीक से लैस यह व्यवस्था आपदा प्रबंधन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है इससे लाखों लोगों तक एक साथ चेतावनी पहुंचाई जा सकती है और संभावित नुकसान को कम किया जा सकता है
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहे तथा मौसम संबंधी आधिकारिक सूचनाओं पर ध्यान दे।
