नितिन गुप्ता/प्रणव कुमार
अंबेडकरनगर जिले के अकबरपुर क्षेत्र स्थित शिव शक्ति एच.पी. गैस ग्रामीण वितरक पर इन दिनों रसोई गैस की भारी समस्या देखने को मिल रही है। गैस सिलेंडर लेने पहुंचे सैकड़ों उपभोक्ताओं को घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ा। एजेंसी के बाहर महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं की लंबी कतारें लगी रही कई उपभोक्ता अपने खाली सिलेंडर लेकर सुबह से ही एजेंसी पहुंच गए, लेकिन काफी देर तक उन्हें गैस नहीं मिल सकी, जिससे लोगों में नाराजगी और आक्रोश दिखाई दिया।
मौके पर मौजूद लोगों का कहना था कि पिछले कई दिनों से गैस की आपूर्ति अनियमित बनी हुई है बुकिंग कराने के बाद भी समय पर सिलेंडर नहीं मिल रहा है। जब उपभोक्ता एजेंसी पर पहुंचते है तो उन्हें कभी स्टॉक खत्म होने तो कभी तकनीकी समस्या का हवाला देकर वापस लौटा दिया जाता है। इससे आम परिवारों के सामने रसोई चलाने का संकट खड़ा हो गया है।

एजेंसी के बाहर बड़ी संख्या में लोग अपने सिलेंडर लेकर खड़े दिखाई दिए। कई महिलाएं छोटे बच्चों के साथ घंटों इंतजार करती रही। भीड़ इतनी अधिक थी कि सड़क पर आवागमन भी प्रभावित होता नजर आया। स्थानीय लोगों ने बताया कि यदि समय पर गैस की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तो ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो।
उपभोक्ताओं का आरोप है कि गैस वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता की कमी है लोगों का कहना है कि उन्हें यह भी स्पष्ट जानकारी नहीं दी जाती कि सिलेंडर कब उपलब्ध होगा। इससे बार-बार एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ रहे है, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी हो रही है।
स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और संबंधित गैस कंपनी से मांग की है कि गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाया जाए तथा उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी से बचाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाए।
