प्रणव कुमार अभय
गोपालगंज : बैकुंठपुर प्रखंड का चर्चित गोपाल मेडिकल स्टोर मामला अब नया और गंभीर मोड़ लेता नजर आ रहा है। दवाओं पर लगे स्टिकर हटाकर दूसरे स्टिकर लगाए जाने के कथित वीडियो को लेकर खबर प्रसारित किए जाने के बाद यूट्यूबर एवं पत्रकार एजाज अली ने अपनी जान को खतरा होने का आरोप लगाया है। एजाज अली का दावा है कि गोपाल मेडिकल स्टोर से जुड़े सुराज कुमार तथा कथित भू-माफिया शहबाज खान द्वारा उनकी हत्या कराने की साजिश रची गई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि उन्हें जान से मारने के लिए 50 हजार रुपये की सुपारी दी गई है और घटना को अंजाम देने के बाद अतिरिक्त राशि देने की भी बात कही गई है। यूट्यूबर का कहना है कि यदि भविष्य में उनके साथ कोई अप्रिय घटना घटती है या उनकी हत्या होती है, तो इसके लिए उक्त दोनों व्यक्तियों को जिम्मेदार माना जाए। इस आरोप के सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का माहौल गर्म हो गया है। एजाज अली ने बताया कि उन्होंने पूरे मामले की जानकारी जिला प्रशासन को दे दी है। साथ ही अपने आरोपों से संबंधित उपलब्ध साक्ष्य और दस्तावेज न्यायालय के समक्ष भी प्रस्तुत किए हैं। उन्होंने निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, मामले में प्रशासनिक अधिकारियों और संबंधित जांच एजेंसियों द्वारा तथ्यों की जांच की जानी बाकी है। जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की सत्यता स्पष्ट हो सकेगी।
