नितिन गुप्ता/प्रणव दुबे
बिहार के गोपालगंज जिले में रसूख और सत्ता की हनक के बीच कानून की मर्यादा तार-तार करने का एक बड़ा मामला सामने आया है। मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमराव गांव में आयोजित एक जनेऊ कार्यक्रम के दौरान न केवल प्रतिबंधित हथियारों का खुला प्रदर्शन किया गया, बल्कि अश्लील नृत्य का भी आयोजन हुआ। इस मामले में पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए मोकामा विधायक अनंत सिंह समेत 9 नामजद और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने और उसकी पुष्टि होने के बाद यह बड़ी कार्रवाई की गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, सेमराव गांव निवासी गुड्डू राय के घर आयोजित समारोह में वर्तमान मोकामा विधायक अनंत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे थे। विधायक के स्वागत के दौरान उनके समर्थकों और वहां मौजूद अन्य लोगों द्वारा खुलेआम अवैध हथियारों को लहराते हुए शक्ति प्रदर्शन किया गया। इसी बीच मंच पर बार-बालाओं द्वारा अश्लील नृत्य भी पेश किया गया, जिसने समारोह की मर्यादा को पूरी तरह खत्म कर दिया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जंगल की आग की तरह फैल गया, जिसके बाद पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे थे।
गोपालगंज पुलिस अधीक्षक (SP) ने मामले की गंभीरता को देखते हुए वीडियो के सत्यापन का आदेश दिया था। जांच में वीडियो के सही पाए जाने और अवैध हथियारों की पुष्टि होने के बाद एसपी के निर्देश पर मीरगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। विधायक अनंत सिंह और अन्य नामजद आरोपियों पर प्रतिबंधित हथियार रखने और शांति व्यवस्था को खतरे में डालने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस अब वीडियो की बारीकी से जांच कर उन चेहरों की पहचान कर रही है, जिनके हाथ में हथियार नजर आ रहे थे।
वर्तमान में, पुलिस की विशेष टीमें नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि चाहे कोई कितना भी रसूखदार क्यों न हो, कानून से ऊपर कोई नहीं है। इस हाई-प्रोफाइल मामले के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि अन्य अज्ञात अभियुक्तों की भी जल्द ही शिनाख्त कर ली जाएगी और सभी दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
