ओमजी गुप्ता
बिहार की राजधानी पटना में सोमवार को विधान परिषद के अतिथि निवास का उद्घाटन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया। इस दौरान उनकी पार्टी जेडीयू के कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी में उनके बेटे निशांत कुमार को बिहार का मुख्यमंत्री बताया। नीतीश इस दौरान मुस्कराते रहे।
पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के एक कार्यक्रम में उनके पुत्र निशांत कुमार के जिंदाबाद के नारे लगे। सीएम नीतीश कुमार ने सोमवार को बिहार विधान परिषद के अतिथि निवास का उद्घाटन किया। इस दौरान जब नीतीश अतिथि ग्रह का अवलोकन करके निकल रहे थे, तब वहां मौजूद जनता दल यूनाईटेड (जेडीयू) के कार्यकर्ताओं ने निशांत कुमार जिंदाबाद के नारे लगाए। नीतीश इस दौरान सभी का अभिवादन करते हुए आगे बढ़ गए। कार्यकर्ताओं ने नारों में निशांत कुमार को ‘बिहार का सीएम’ भी कह डाला।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को पटना में नवनिर्मित विधान परिषद अतिथि निवास का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कैंटीन, पुस्तकालय भवन और सामुदायिक केंद्र का भी शुभारंभ किया।
निशांत कुमार के समर्थकों ने दिखाया जोश
इस कार्यक्रम में जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भवनों और परिसर में मौजूद व्यवस्थाओं का अवलोकन करके निकल रहे थे, तब वहां मौजूद भीड़ में मौजूद उनके और निशांत कुमार के समर्थक लोगों और जेडीयू के कार्यकर्ताओं ने नारे लगाना शुरू कर दिया। वे नारे लगा रहे थे , ‘निशांत कुमार जिंदाबाद
भवन और परिसर का किया अवलोकन
नीतीश कुमार ने इस कार्यक्रम के बाद एक्स पर एक पोस्ट में लिख- आज विधान परिषद आवास परिसर, वीरचंद पटेल पथ, पटना में नव-निर्मित अतिथि निवास के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल हुआ। इस अवसर पर परिसर की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। यह अतिथि निवास जनप्रतिनिधियों एवं आगंतुकों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।
अतिथि गृह के उद्घाटन कार्यक्रम में विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह, विधानसभा अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार, विधान परिषद के उप सभापति रामवचन राय, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, मंत्री विजय चौधरी, अशोक चौधरी, जेडीयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा के अलावा कई जन प्रतिनिधि, जेडीयू के नेता, कार्यकर्ता और अधिकारियों सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
